April 20, 2024

ग्राम पालखंदा मैं महिला की पलंग पेटी में लाश मिली है। इसके ऊपर रखा गद्दा भी जला हुआ मिला है। पति शंका के दायरे में है। पुलिस पूछताछ कर रही है।

उज्जैन।  नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम पालखंदा में रात 2 बजे पुलिस ने पलंगपेटी में बंद महिला की लाश बरामद की है। पलंगपेटी के ऊपर रखा गद्दा जला हुआ था। पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। टीआई संजय मंडलोई ने बताया कि दीपाबाई पति विजय परमार 40 वर्ष निवासी पालखंदा का शव पलंगपेटी से बरामद हुआ है। उसके परिजनों ने रात 2 बजे थाने पर सूचना दी थी। मृतिका के गले में रस्सी के निशान मिले हैं। शव को पीएम के लिये अस्पताल पहुंचाया गया है। मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। दीपाबाई के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विजय परमार पालखंदा में किराना दुकान संचालित करता है। उसके दो बच्चे हैं। दीपाबाई गुरूवार को घर में नहीं मिली तो विजय के माता पिता व बच्चों ने उसकी तलाश शुरू की। विजय भी दिन भर पत्नी को तलाश करने का नाटक करता रहा। रात करीब 11 बजे शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुंचे विजय ने अपनी मां को बताया कि दीपा की लाश पलंगपेटी में पड़ी है। परिजनों ने जब पलंगपेटी खोलकर देखा तो उसमें लाश पड़ी थी जिसकी सूचना गांव के सरपंच को दी गई और उन्हीं लोगों ने नरवर पुलिस को भी सूचना दी। टीआई मंडलोई के अनुसार विजय परमार के गांव की किसी महिला से अवैध संबंध की बात सामने आई है। इसी के चलते विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं क्योंकि विजय का दीपाबाई से इसी बात को लेकर घर में विवाद भी होता था। दीपाबाई का शव पलंगपेटी में पड़ा था इसकी जानकारी विजय को थी। पलंगपेटी के ऊपर रखा गद्दा भी आधी जली हुई हालत में मिला है। पुलिस को शंका है कि पलंगपेटी और गद्दे को जलाकर शव को भी जलाने की कोशिश हत्यारे द्वारा की गई है। पुलिस ने बताया कि विजय और दीपाबाई बच्चों के साथ एक ही मकान में रहते हैं। यहीं पर विजय के माता पिता भी रहते हैं, लेकिन सभी अलग-अलग हैं। महिला की हत्या बुधवार-गुरूवार की दरम्यिानी रात हुई होगी। हत्या किस प्रकार की गई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद होगा।