April 25, 2024

देवास। वार्ड क्रं 30 में झुग्गी में रहने वाले एक परिवार ने कुछ इस तरह से लिया मुख्यमंत्री कन्या विवाह का लाभ। वार्ड पार्षद शीतल गेहलोत ने बताया कि अनीता अपने पिता बाबूलाल गोयल के साथ वार्ड क्रं 30 झुग्गी बस्ती में रहती थी। अपने पिता बाबूलाल गोयल को परेशान देख उसने अपनी दो सहेली नंदनी और करीना से चर्चा की। चर्चा में पिता की परेशानी बेटी का विवाह थी। पडोसी तथा दोनो सहेली करीना, नंदनी ने अपनी सहेली को लेकर वार्ड पार्षद शीतल गेहलोत से सहयोग के लिए चर्चा की। शीतल गेहलोत ने तुरंत ही नगर निगम में बुलाया। माता पिता और दोनों बेटियां निगम में जाकर पार्षद श्री गेहलोत से मिली। श्री गेहलोत ने तुरंत ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह का फार्म भरवाया और प्रक्रिया पूरी की। कितु वर पक्ष इंदौर में निवासरत है उनके दस्तावेज नहीं बन पा रहे थे। श्री गेहलोत ने इंदौर नगर निगम महापौर से चर्चा कर विभाग से दस्तावेज तैयार करवाए तथा दोनों के दस्तावेजों की प्रविष्टियां पूरी कर निगम में जमा किये। गत दिनों 3 मई को हुए मुख्यमंत्री कन्या विवाह में नंदनी, करीना ने अपनी सहेली अनीता गोयल का विवाह सहेली के पूरे परिवार के साथ मिलकर कराया। शासन निर्धारित 49,000 का चेक भी दिया गया। नंदनी तथा करीना के साहस तथा सराहनीय कार्य के लिए महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने मंच पर ही नंदनी तथा करीना का सम्मान किया और कहा कि हमें नंदनी और करीना से प्रेरणा मिलती है कि हम किस तरह से गरीब परिवार की मदद कर सकते हैं। महापौर ने वार्ड पार्षद तथा शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ समिति अध्यक्ष शीतल गेहलोत को भी शुभकामनाएं दी।