April 26, 2024

भड़के कार्यकर्ताओं ने 3 घंटे बवाल और तोड़फोड़ की, 5 लोगों पर एफआईआर

ब्रह्मास्त्र शाजापुर

शाजापुर में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ कर दी। करणी सेना ने आरोप लगाया कि उसके एक कार्यकर्ता के साथ टोल कर्मचारियों ने मारपीट की। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ मुंह पर कपड़ा बांधकर टोल प्लाजा पहुंचे। यहां करीब 3 घंटे तक बवाल किया। प्लाजा में कम्प्यूटर सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। सूचना के बाद एडिशनल एसपी, एसडीओपी सहित 4 थानों की पुलिस पहुंची, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। 5 लोगों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला शांत हुआ। घटना रविवार देर रात 10 बजे की है। करणी सेना के कार्यकर्ता टोल प्लाजा के कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर की मांग पर अड़े थे। रात 1 बजे तक पुलिस अधिकारी करणी सेना के लोगों को समझाते रहे। इस दौरान वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। मक्सी पुलिस ने करणी सेना के पदाधिकारी सोनू उर्फ राजेंद्र सोनगरा की शिकायत पर टोल कर्मचारी ब्रजेंद्र सिंह चौहान, एसके सिंह, सुधांशु गौड़, सुधांशु तिवारी, प्रशांत शर्मा सहित अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया है। तब जाकर यातायात चालू हो सका।