March 29, 2024

23 साल की लड़की ने 4 साल छोटे लड़के के साथ भागकर रचाई शादी; गहने भी ले गई

इंदौर। एक मां ने अपनी ही बेटी के खिलाफ चोरी का आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया है। लड़की की गुमशुदगी से शुरू हुई कहानी चार साल छोटे लड़के से भागकर शादी करने और घर से जेवर चोरी करने पर जाकर खत्म हुई। फिलहाल पुलिस ने मां की शिकायत पर बेटी के खिलाफ मंगलवार को चोरी का केस दर्ज कर लिया। हालांकि अभी मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच करने के बाद एक्शन लेने की बात कही है। मां-बाप ने पहले नहीं बताई चोरी की बात, लड़की लौटने को राजी नहीं हुई तो चोरी का केस दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार मामला रावजी बाजार के गाड़ी अड्‌डा इलाके का है। यहां रहने वाली 44 साल की महिला ने अपनी बेटी रोशनी (23) के खिलाफ घर से जेवर चोरी करने का केस दर्ज करा दिया। महिला के अनुसार उसकी बेटी 1 अप्रैल के दिन घर पर अकेली थी। वह काम के लिए बाजार गई थी। इस दौरान बेटी ने अलमारी से सोने के जेवर चुरा लिए। इसके बाद लड़की घर से गायब हो गई। महिला ने बताया कि उसकी बेटी पहले भी इस तरह का काम कर चुकी है।

चार साल छोटे लड़के से कर ली शादी

पीड़िता की 23 साल की बेटी निजी कंपनी में जॉब करती है। 1 अप्रैल को रोशनी घर से लापता हो गई थी। पहले परिवार ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। इधर, देवगुराडिया इलाके से आदित्य (19) नाम का लड़का भी लापता हो गया। खुडै़ल थाने में उसकी भी गुमशुदगी दर्ज हुई थी। करीब 15 दिन पहले दोनों खुडै़ल पुलिस के सामने पेश हुए। उन्होंने बताया कि वह साथ में काम करते हैं। एक दूसरे को पसंद करते हैं और शादी कर ली है। दोनों के बालिग होने के चलते पुलिस ने बयान दर्ज कर उन्हें जाने दिया।