अगले एक सप्ताह बादलों के साथ हल्की बूंदाबांदी का रहेगा दौर

इंदौर। अगले एक सप्ताह तकमौसम का बदला हुआ मिजाज नजर आएगा। बादल छाए रहने के साथ शाम के समय लगातार गरज-चमक व हल्की बूंदाबांदी की स्थितियां दिखाई देगी। इसके असर से गर्मी के तेवर और भी नर्म दिखाई देगे। अभी जो सुबह में धूप निकलने के कारण गर्मी दिखाई देती है, उसमें भी कमी दिखाई देगी। बुधवार सुबह से शहर में बादल छाये रहे। सुबह दक्षिणी पश्चिमी हवाएं 18 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। बुधवार सुबह शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को शहर में सुबह धूप खिली और दोपहर में छाए बादलों के कारण गर्मी से राहत मिली। दिन में पश्चिमी व उत्तर पश्चिमी हवाएं 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 37.3 डिग्री दर्ज किया गया।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी विदर्भ पर चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ। वहां से मराठवाड़ा होते हुए अंदरुनी कर्नाटक तक द्रोणिका लाइन जा रही है। बुधवार को उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से बुधवार को बादल छाएंगे और शाम के समय गरज चमक की स्थिति दिखाई देगी। इंदौर में अगले एक सप्ताह तक बादल छाने के साथ गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।