April 26, 2024

इंदौर। शनिवार सुबह बादलों के कारण गर्मी का असर कम रहा। सुबह पश्चिमी हवाएं 16 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। सुबह न्यूनतम दृश्यता 5000 मीटर तक दर्ज की गई। सुबह न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य था। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह निकली धूप ने गर्मी का अहसास करवाया। वही दोपहर बाद छाए बादलों के कारण मौसम खुशनुमा हुआ। शुक्रवार को दिन में उत्तर पश्चिमी हवाएं 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। दोपहर में शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी भी हुई। बादलों व बूंदाबांदी के असर से दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 36.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को इंदौर में बादल छाए रहेंगे और शहर के कुछ एक हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। वर्तमान में मध्य उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है। वहीं एक द्रोणिका विदर्भ से तेलंगाना होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक जा रही है। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है। इस वजह से अभी इंदौर में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी की स्थितियां दिखाई दे रही है। 24 अप्रैल को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय होगा। इसके असर से अगले एक सप्ताह तक इंदौर में दिन के समय ही गर्मी का अहसास होगा। दोपहर में बादल छाने से तापमान सामान्य के आसपास ही बने रहेंगे।