April 20, 2024

उज्जैन। शनिवार को शहर में भगवान परशुराम का जन्‍मोत्‍सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस मौके पर ब्राह्मण समाज द्वारा परशुराम दर्शन यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों समाजजन उत्साह के साथ शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी समाजजनों को परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दी।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी हुए शामिल

भगवान परशुराम की जयंती पर शनिवार को शहर में धूम रही। इस दौरान जगह-जगह कई आयोजन हुए। इस मौके पर श्री परशुराम ब्राह्मण संगठन द्वारा शहर में विशाल परशुराम दर्शन यात्रा निकाली गई। सुबह महाकाल मंदिर में भगवान परशुराम का पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए और समाज जनों को परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दी।

पुष्प वर्षा कर किया यात्रा का स्वागत

इसके बाद यहीं से यात्रा प्रारंभ हुई जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टावर चौक पहुंचीं। यात्रा का पूरे शहरभर में जगह-जगह विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। परशुराम दर्शन यात्रा हजारों समाजजन उत्साह के साथ शामिल हुए और पूरे रास्ते भर भगवान परशुराम की जय का उद्घोष करते रहे। यात्रा के समापन पर टावर चौक पर मानव श्रृंखला बनाकर सामाजिक एकता की शपथ ली गई।