April 26, 2024

 

इंदौर में तीन महीने के मासूम की मां की संदिग्ध मौत ने नया मोड़ ले लिया। यह कहानी प्रेम विवाह के बजाय अपहरण में बदल गई है। पति पर आरोप है कि वह उसे नाबालिग उम्र में ही भगा लाया था। यही नहीं, जहां से वो प्रेम प्रसंग होना बता रहा है, वो भी संदेहास्पद निकली। लड़की गुना नहीं, बल्कि शिवपुरी इलाके की निकली। उसके लापता होने पर पुलिस ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी लेकिन ढाई साल में भी शिवपुरी पुलिस उसे ढूंढ नहीं सकी थी। वह इंदौर में इस शख्स के साथ पत्नी बनकर रह रही थी। इस दौरान बच्ची को भी जन्म दिया और उसके तीन महीने बाद ही मौत हो गई।

प्रेम विवाह की कहानी, अपहरण में बदली….

आगे क्या..

1. शिवपुरी पुलिस के पास 17 साल की नाबालिग उम्र में अपहरण का केस दर्ज है। ऐसे में पुलिस धाराएं बढ़ा सकती हैं।

2. इंदौर पुलिस अपहरण के आरोप के आधार पर मृतका के परिवार से बयान लेगी। ऐसे में आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हो सकता है।

इंदौर में डिलीवरी के बाद जिस नवविवाहिता की मौत हुई है पुलिस ने उस केस में नया खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि ये युवती नाबालिग थी तभी पति ने इसका शिवपुरी से अपहरण कर लिया था। और इसे अपने साथ लेकर इंदौर आ गया था। तब से वह इसे पत्नी की तरह साथ रख रहा था। पति ने इससे शादी भी कर ली थी। अब पुलिस आरोपी पति को शिवपुरी पुलिस को सौंपेगी। शिवपुरी पुलिस इस युवती को ढाई साल से भी लंबे समय से ढूंढ रही थी। आजाद नगर पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।

मामला आजाद नगर थाने का है। यहां शांति नगर में 20 साल की नवविवाहिता की मौत हो गई थी। पति अरुण चंदेल ने बताया था कि तीन माह पहले जब उसे डिलीवरी हुई तो तब से पत्नी बीमार रहने लगी। मंगलवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी फिर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो रास्ते में दम तोड़ दिया। अरुण ने शुरुआत में बताया था कि उसने लव मेरिज की थी। जिसके बाद वह इंदौर में रहकर पेंटिंग का काम करने लगा।

गुना से साथ लाने की बात झूठी….

अरण ने पुलिस को शुरुआत में कहा था कि वह पत्नी को गुना से साथ लेकर आया था। यहां हाइवे पर उसका परिवार कपड़े की दुकान लगाता था। इसी दौरान उसकी पहचान हुई थी। पुलिस ने शादी का समय पूछा तो पत्नी की उम्र 18 साल से कम होना बताया था।

परिवार के बारे में और जानकारी पूछने पर पुलिस को पता चला कि अरुण उसे गुना से नहीं, बल्कि शिवपुरी से लेकर भागा था। उस समय पत्नी की उम्र करीब 17 साल थी यानी वो नाबालिग थी। इंदौर पुलिस ने शिवपुरी पुलिस से इस मामले में जानकारी निकाली। तब शिवपुरी पुलिस ने बताया कि कम उम्र में अपहरण हुआ था।

आजाद नगर पुलिस के मुताबिक अरुण को शिवपुरी पुलिस अपहरण के केस में अपने साथ ले जाएगी। यहां रेप की धाराएं भी बढ़ाई जा सकती है। इधर, लड़की के परिजनों की शिकायत पर इंदौर में भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अरुण पर केस दर्ज किया जा सकता है।

तीन महीने पहले मां बनी नवविवाहिता की संदिग्ध मौत:लव मैरिज की थी; बेटी को जन्म देने के बाद से थी बीमार

इंदौर में नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। घर पर तबीयत बिगड़ी तो उसे अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि तीन महीने पहले उसने बेटी को जन्म दिया था। उसके बाद से लगातार वह बीमार चल रही थी। ससुराल वाले उसका घर पर ही इलाज करा रहे थे। पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है।

आजाद नगर पुलिस के मुताबिक मूसाखेड़ी के शिव नगर में रहने वाली खुशी (20) को पति अरुण चंदेल मंगलवार देर शाम एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा था। यहां डॉक्टरों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया।