April 26, 2024

इंदौर। आज चैत्र नवरात्रि का पहला दिन है। देश भर में हिन्दू घरों और मंदिरों में घट स्थापना कर नौ दिन तक मां दुर्गा की विशेष पूजा शुरू हुई। ज्योतिषाचार्य के अनुसार नवरात्रि में खरीदारी के लिए हर दिन शुभ रहेगा। इस दौरान सर्वार्थसिद्धि, अमृतसिद्धि, द्विपुष्कर और रवियोग बनेंगे। जिनमें खरीदी गई कोई भी वस्तु जीवनभर शुभ फलदायी रहती है। वहीं गुड़ी पड़वा पर भी इंदौर, उज्जैन सहित मालवा- निमाड़ में कई घरों में गुड़ी बांधी गई। मराठी परिवारों में श्री खंड के साथ कई व्यंजन भी बनेंगे। चाणक्य पुरी चौराहे पर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर हिन्दू नववर्ष मनाया जा रहा है। गुड़-धनिया बांटकर लोगों को शुभकामनाएं भी दी।
इस बार चैत्र नवरात्र पूरे नौ दिन रहेंगे। शुक्ल और ब्रह्म योग में प्रारंभ हो रहे नवरात्र में देवी की पूजा विशेष फलदायी रहेगी। इस वर्ष देवी का आगमन नौका पर होगा। यह सभी के लिए सुखद और सर्वसिद्धिप्रद रहेगा।

नव वर्ष विक्रम संवत 2080 शुरू

आज नवरात्रि के साथ हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2080 शुरू गया है।
महाराष्ट्रीयन परिवार भी बड़ी संख्या में शामिल हुआ। वहीं इस कार्यक्रम में महिलाएं भी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर उगते सूर्य को अध्र्य देकर हिन्दु नववर्ष गुड़ी पड़वा का पर्व मना रहे हैं।

उज्जैन में मंगल ध्वनि के साथ नव संवत्सर का स्वागत, नीम के जल से महाकाल ने किया स्नान

उज्जैन में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा गुड़ी पड़वा पर नवसंत्सर नल 2080 का स्वागत नगरवासियों ने आज सुबह 6 बजकर 27 मिनट पर सूर्य को अर्घ्य देकर किया। शंख, ढोल नगड़े, शहनाई की मंगल ध्वनि हुई। संवत्सर सूक्त का वाचन किया गया। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भगवान महाकाल को नीम मिश्रित जल से स्नान कराया गया। मंदिर के शिखर पर नया ध्वज चढ़ाया गया। आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से चैत्र नवरात्र का भी आरंभ हो गया है। शक्तिपीठ हरसिद्धि सहित शहर के अन्य प्राचीन देवी मंदिरों में सुबह घट स्थापना की गई। शाम को हरसिद्धि, गढ़कालिका, भूखी माता मंदिर में दीपमालिका सजाई जाएगी।