April 25, 2024

उज्जैन। रात 11 बजे उज्जैन से राजकोट के लिये रवाना हुई यात्रियों से भरी बस भूखी माता मार्ग पर अनियंत्रित होने के बाद पलटी खा गई। 25 से अधिक यात्रियों के घायल होने पर जिला अस्पताल लाया गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी अभिषेक आनंद, सीएसपी ओपी मिश्रा जिला अस्पताल पहुंच गये थे। दुर्घटनास्थल पर महाकाल पुलिस की टीम मौजूद थी।
बताया जा रहा है कि इंदौर से राजकोट के बीच चलने वाली एसएन ट्रेवल्स की स्लीपर बस रात 10.30 बजे उज्जैन पहुंची थी। यहां से यात्रियों को बैठाने के बाद इंदौर के लिये रवाना हुई। बस चिंतामण ब्रिज की ओर भूखी माता मार्ग से गुजरते समय एकाएक अनियंत्रित हो गई और पलटी खा गई। बस के चारों पहिये ऊपर हो चुके थे। दुर्घटना होते ही यात्रियों में चिल्ला-पुकार मच गई। बस पलटने की सूचना मिलते ही महाकाल थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस की कतार दुर्घटनास्थल पर लग गई। पुलिस ने लोगों की मदद से यात्रियों का बाहर निकाला, बस का चालक का पता नहीं चल पा रहा था। संभवत: वह भाग निकला था। एम्बुलेंस की मदद से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल लाया गया। दुर्घटना की खबर मिलने पर अस्पताल स्टॉफ भी अलर्ट हो गया था। एक के पीछे एक सात एम्बुलेंस जिला अस्पताल पहुंची। घायलों को तत्काल उतारा गया और उपचार के लिये इमरजेंसी में लाया गया। जहां से वार्ड में शिफ्ट किया गया। घायलों में महिला, पुरुष और वृद्ध शामिल है, जो गुजरात, उत्तरप्रदेश, उज्जैन, सोयतकलां सुसनेर, देवास, इंदौर के रहने वाले है। एएसपी अभिषेक आनंद का कहना था कि प्रथमदृष्टता घायलों के उपचार पर फोकस किया जा रहा है। डॉक्टरों को बेहतर उपचार के लिये कहा गया है। घायलों की हालत में सुधार होने पर बयान दर्ज कर जांच की जाएगी।