April 27, 2024

उज्जैन। काम से लौटते पति ने खाने में दाल बनाने की बात पर रात 12 बजे मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी और घर में घासलेट डालकर आग लगाने के बाद भाग निकला। आग तेजी के साथ फैली और पूरा गृहस्थी का सामान जल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पति की तलाश शुरू की है।
अन्नपूर्णानगर में रहने वाला सोहन उर्फ पप्पू बुंदेला होटल पर काम करता है। बीती रात 12 बजे वह घर लौटा और पत्नी बबीता से खाने में क्या बनाया पूछा। पत्नी ने दाल बनाने की बात कहीं तो सोहन गुस्सा हो गया और मारपीट करने लगा। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पति ने घासलेट की कुप्पी उठाकर पूरे घर में डाल दी और माचिस जलाकर भाग निकला। आग तेजी के साथ फैली तो बबीता भी दौड़कर बाहर निकल गई। बेटा आकाश खाटू श्याम दर्शन करने गया हुआ था। बबीता ने आकाश के दोस्त अर्नव सोलंकी को कॉल किया जब तक वह घर पहुंचता आग फैल चुकी थी। आसपास के लोगों की मदद से काबू पाया गया। इस बीच घर में रखा गृहस्थी का पूरा सामान टीवी, फ्रीज, वॉशिंग मशीन, बाइक, बिस्तर, गोदरेज, कपड़े, 500-500 के नोट भी आग में जल चुके थे। करीब 10 लाख का नुकसान हुआ था। आगजनी की खबर मिलने पर नानाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच के बाद बबीता की शिकायत पर पति के खिलाफ धारा 436, 504, 323 का प्रकरण दर्ज किया।