April 26, 2024

सरकार के झूठे वादों के खिलाफ सड़कों पर उतरे, 11 नारियल सीएम को करेंगे कूरियर

इंदौर। इंदौर शहर कांग्रेस सेवादल ने गुरुवार को पैदल मार्च निकाला। प्रदेश सरकार के झूठे वादों के खिलाफ कांग्रेस सेवादल सड़कों पर उतरा है। सेवादल के नेता 11 नारियल सीएम शिवराज सिंह चौहान को भी कूरियर कर रहे हैं।
सुबह 11 बजे से पैदल मार्च का समय तय किया गया। कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन से कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। ये पैदल मार्च अहिल्या प्रतिमा राजबाड़ा तक पहुंचा। हालांकि गांधी भवन और अहिल्या प्रतिमा तक की दूरी बहुत अधिक नहीं है। जहां तक टहलते हुए भी पहुंचा जा सकता है।
कांग्रेस सेवादल इंदौर अध्यक्ष मुकेश रामचंद्र यादव के मुताबिक सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई के निर्देश पर ये पैदल मार्च आयोजित किया जा रहा है, इसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष योगेश यादव और इंदौर जिला संगठन कांग्रेस प्रभारी महेंद्र जोशी व सह प्रभारी महेंद्र परमार शामिल होंगे।
कांग्रेस का कहना है ये पैदल मार्च प्रदेश की भाजपा सरकार के झूठे वादों के खिलाफ निकाला जा रहा है। यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान को लगभग 17 साल सीएम बने हो चुके हैं। ये ऐसे सीएम हैं जिन्हें 17 साल बाद विकास की बात याद आई। विकास यात्रा में प्रशासन, भाजपा को सड़क पर उतर कर विकास दिखाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि झूठा मामा, झूठी विकास यात्रा का पर्दाफाश करने के लिए ये पद यात्रा रहेगी। सीएम ने जो भी झूठी घोषणाएं की, नारियल फोड़े है उसका पर्दाफाश जनता के बीच लाया जाएगा।