April 27, 2024

उज्जैन। रात 10.30 बजे आगररोड पर सड़क हादसे में 2 सगे भाईयों की मौत हो गई। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया था। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे थे। हादसे बस से होना बताया जा रहा है।
घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम निपानिया गोयल में बाईक पर सवार 2 युवको को तेजगति से दौड़ती बस ने टक्कर मार दी थी। दोनों गंभीर घायल हुए थे। लोगों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की जानकारी लगने पर ग्राम वीरम खेड़ी में रहने वाले परिजन अस्पताल पहुंच गये थे। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक सगे भाई जितेन्द्र पिता बनेसिंह और कालू है। एक का विवाह हो चुका था, जिसके 2 बच्चे है। दोनों कुरकुरे फैक्ट्री में काम करते थे और वापस घर लौट रहे थे। मृतको के वृद्ध पिता भी अस्पताल पहुंचे थे, जिन्हे परिजनों ने घटना से अवगत नहीं कराया था। पिता को दोनों के घायल होने और उपचार चलने की बात कहीं गई थी। पिता बदहवास हालत में दोनों से मिलने की गुहार लगा रहा था। अस्पताल पुलिस चौकी ने मामले की सूचना घट्टिया थाना पुलिस को दी है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जानकारी सामने आई है कि दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला था।