April 25, 2024

मुख्यमंत्री करेंगे प्रतिमा का अनावरण; कर्मस्थली पातालपानी भी जाएंगे, मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल भी शामिल

इंदौर। जननायक टंट्या मामा भील का बलिदान दिवस आज जोर-शोर से मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन घंटे से ज्यादा समय तक इंदौर में रहेंगे। वे टंट्या मामा की जन्मस्थली पातालपानी जाएंगे। भंवरकुआं चौराहा स्थित टंट्या भील की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मुख्य कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम में होगा। यहां प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल सहित अन्य मंत्री भी आएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12.10 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा पातालपानी के लिये रवाना होंगे। पातालपानी में वे दोपहर 12.25 बजे टंट्या मामा बलिदान दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। पातालपानी से वे हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 12.50 बजे रवाना होकर दोपहर 1.05 बजे इंदौर के पीटीएस हेलीपेड आएंगे। वे भंवरकुआ में आयोजित प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम और नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। फिर अपरान्ह 4 बजे वायुयान द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। ऐसा ही शेड्यूल राज्यपाल का भी है।

ढाई हजार बसों में 30 जिलों से लाए आदिवासी

प्रदेश के 30 आदिवासी बहुल जिलों से आदिवासियों को इंदौर लाने के लिए करीब ढाई हजार बसों का इंतजाम किया गया है। इनमें आदिवासी बंधुओं को लाने, ले जाने का खर्च उठाने के साथ उनके लिए भोजन के पैकेट की व्यवस्था भी स्थानीय स्तर पर जिलों से की गई है।

बैठने के लिए विशाल डोम, कई एलइडी स्क्रीन लगाई

इधर, स्टे़डियम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए विशाल डोम बनाया गया है और बैठने के लिए अलग-अलग जोन बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान उन्हें हर ओर से देखा जा सके इसके लिए कई एलईडी स्क्रीन लगाई गई है।