April 26, 2024

3 दिन 2 रात रुककर राजस्थान पहुंचेगी; बगलामुखी के दर्शन कर सकते हैं राहुल गांधी

आगर मालवा। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 10वां दिन है। राहुल गांधी के साथ मीनाक्षी नटराजन, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उनकी पत्नी अमृता सिंह और विधायक जयवर्धन भी चल रहे हैं। यात्रा अपने 86वें दिन आगर-मालवा जिले में पहुंची। यात्रा सुबह 6 बजे जनाहा गांव से शुरू हुई। इसके बाद सुबह 10 बजे टी ब्रेक आगर जिले के तनोदिया गांव में होगा।
यह यात्रा सबसे लंबी दूरी आगर जिले में ही तय करेगी। यहां यात्रा 3 दिन और दो रात रुक कर जिले में 97 किलोमीटर की यात्रा करेगी। यानी प्रदेश में कुल यात्रा की 25 प्रतिशत दूरी आगर जिले में रहेगी। यहां से यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी।
यात्रा के दौरान राहुल गांधी बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर और नलखेड़ा मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन करने जा सकते हैं। यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले में प्रवेश स्थल से लेकर अंतिम छोर तक फ्लैक्स, बैनर, पोस्टर लगा रखे हैं।
यात्रा को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस, प्रशासन द्वारा भी तैयारी की है। यात्रा की सुरक्षा के लिए करीब दो हजार पुलिसकर्मियों का बल तैनात किया गया है। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है।
राहुल सड़क किनारे खड़ी महिलाओं और बालिका से मिलते हुए चल रहे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए श्यामगढ़ मंदसौर के स्कूली बच्चे बैंड पार्टी के साथ आए। बच्चे भारत माता और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की वेशभूषा में हैं। एक बालिका राहुल गांधी का पोर्ट्रेट लेकर आई।