April 23, 2024

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कल 27 नवंबर को इंदौर में राऊ से दस्तक देगी। यात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक रूट प्लान तैयार किया है। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया शहर में जैसे ही यात्रा प्रवेश करेगी 800 जवानों का फोर्स सुरक्षा घेरा बनाकर चलेगा। चिमनबाग में 300 जवानों का फोर्स तैनात रहेगा।
ट्रैफिक डीसीपी महेशचंद जैन ने बताया कि रविवार को राऊ से आने वाली यात्रा में सभी प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक के 300 से ज्यादा जवान तैनात होंगे। जहां-जहां सिंगल लेन सड़क से राहुल गांधी गुजरेंगे, वहां ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। जीपीओ, कोठारी मार्केट सहित 12 जगह पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
चिमनबाग मैदान पर भारत जोड़ो यात्रा का थीम सॉन्ग होगा लॉन्च। चिमनबाग पर रविवार शाम को गायक डिवाइन, एमजे अल्ताफ और डीजे प्रूफ प्रस्तुति देंगे। राहुल गांधी की मौजूदगी में भारत जोड़ो यात्रा का थीम सॉन्ग लॉन्च होगा। आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने बताया मंच के सामने के कुछ हिस्से में पास सिस्टम से एंट्री रहेगी। मैदान के आधे हिस्से में ओपन एंट्री रहेगी। शाम 6 बजे से एंट्री दी जाएगी।

27 नवंबर – सुबह 6 बजे महू से पैदल यात्रा शुरू होगी

यात्रा के राऊ से एयू सिनेमा तक आने पर लंच ब्रेक होगा। लंच ब्रेक के बाद शाम 4 बजे एयू सिनेमा से यात्रा फिर शुरू होगी। राजेंद्र नगर थाने के सामने से होते हुए राजेंद्र नगर ब्रिज से चाणक्यपुरी चौराहा पर पहुंचेगी।
चाणक्यपुरी चौराहा से केसरबाग ब्रिज होते हुए चोइथराम मंडी चौराहा पहुंचेगा कारवां। चोइथराम मंडी चौराहा से माणिकबाग रोड होते हुए कलेक्टर चौराहा पहुंचेगी। इस दौरान कलेक्टोरेट की ओर जाने वाला सिंगल मार्ग पूरी तरह से वाहनों के लिए प्रतिबंधित होगा। कलेक्टर चौराहा से हरसिद्धि मंदिर के पास से गांधी भवन होते हुए यशवंत रोड चौराहा से राजबाड़ा पर यात्रा समाप्त होगी।
राजबाड़ा पर सभा। इस दौरान ट्रैफिक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रात्रि विश्राम इंदौर में होगा।

28 नवंबर – सुबह 6 बजे यात्रा बड़ा गणपति से शुरू होगी

बड़ा गणपति से जिंसी चौराहा, किला मैदान होते हुए मरीमाता चौराहा पहुंचेगी। फिर विधायक संजय शुक्ला के निवास के सामने से बाणगंगा।
बाणगंगा से लवकुश चौराहा।
लवकुश चौराहा से आगे विधायक संजय शुक्ला के फॉर्म हाउस पर लंच ब्रेक। शाम 4 बजे यात्रा ग्राम तराना पहुंचेगी। तराना से सांवेर के लिए प्रस्थान होगा। रात्रि विश्राम सांवेर में होगा।

Box
उज्जैन में 29 को जनसभा

भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 29 नवंबर को सुबह 10 बजे पहुंचेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भगवान महाकाल के दर्शन करने के साथ ही शाम 4 बजे शहर के मध्य सामाजिक न्याय परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे।