April 20, 2024

भारत जोड़ो यात्रा का बुरहानपुर से मध्यप्रदेश में प्रवेश

बोदरली में जोरदार स्वागत, दरियापुर से आगे बढ़ी, शाम को बुरहानपुर में सभा

बुरहानपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह मध्यप्रदेश में प्रवेश कर गई। यात्रा महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से सुबह 6 बजे रवाना होकर बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव में 7 बजे पहुंची। राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया गया। ​​​​​राहुल की आरती उतारी गई। ​​बंजारा लोक नृत्य कलाकार रीना नरेंद्र पवार ने उनके स्वागत में लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। यहां राहुल ने 11 मिनट भाषण दिया।
राहुल गांधी की यात्रा बुरहानपुर जिले के दरियापुर पहुंच चुकी है। ये सेंट जेवियर स्कूल से 5 किलोमीटर दूर है। बुरहानपुर में शाम 4 बजे यात्रा दोबारा शुरू होगी। शाम 7 बजे ट्रांसपोर्ट नगर में सभा होगी। सभा के बाद राहुल गांधी झिरी में रात रुकेंगे।
राहुल गांधी ने मप्र में यात्रा शुरू करने से पहले बोदरली में क्या कहा कि ये यात्रा हमने कन्याकुमारी में शुरू की
थी। जब हमने शुरू की तो विपक्ष के लोगों ने कहा था कि हिंदुस्तान 3600 किमी लंबा है। यह पैदल नहीं किया जा सकता। हम मध्यप्रदेश में आए हैं। यहां 370 किमी चलेंगे। यह तिरंगा हम श्रीनगर में लहराएंगे। इसे कोई नहीं रोक सकता। यह तिरंगा श्रीनगर जाएगा। यात्रा के पीछे 3 लक्ष्य है। सबसे पहला- जो नफरत, हिंसा और डर हिंदुस्तान में फैलाया जा रहा है, उसके खिलाफ यह यात्रा है। देखिए, तरीका क्या है भाजपा का। सबसे पहले डर फैलाओ। किनके दिल में डर। युवाओं के दिल में डर। कैसे-बेरोजगारी बढ़ाकर। किसानों के दिल में डर। कैसे- सही दाम न देकर। बीमा का पैसा न देकर, कर्जा माफ न कर के। मजदूरों के दिल में डर। मनरेगा का पैसा न देकर। पहले ये डर फैलाते हैं। जब यह डर फैल जाता है, तब हिंसा में बदल देते हैं।
देखिए, हिंसा कोई चीज नहीं होती। हिंसा डर का एक रूप है। जो डरता नहीं वो हिंसा नहीं कर सकता। जो डरता है, वहीं हिंसा करता है। यात्रा का पहला लक्ष्य- किसान, मजदूर और युवा के मन से डर हटाना है। इस हिंदुस्तान में किसी को डरने की जरूरत नहीं है। हम जहां चल रहे हैं, युवाओं से मिल रहे हैं।

आज के हिंदुस्तान में इस बच्चे का सपना पूरा नहीं हो सकता

इसी बीच मंच से एक बच्चे से नाम पूछा- क्या नाम है? जवाब मिला रूद्रा। तुम्हारी उम्र क्या है। 5 साल। राहुल गांधी ने पूछा- बड़े होकर क्या बनना चाहते हो। बच्चा बोला- डॉक्टर। बच्चे को मंच पर लाया गया। राहुल ने बच्चे का हाथ उठाया। उस बच्चे के सपने को लेकर बात की। कहा- ये बच्चा डॉक्टर बनना चाहता है। आज के हिंदुस्तान में रूदा का सपना पूरा नहीं हो सकता।