April 27, 2024

ब्रह्मास्त्र मंदसौर

मध्यप्रदेश के मंदसौर में रसोई बनते समय अचानक सिलेंडर में आग भड़कने से 25 लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर है। जिसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी 25 लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में आग बुझाने गया एक पुलिसकर्मी बुरी तरह से झुलस गया है।
ये हादसा मंदसौर जिले के दलोदा थाना क्षेत्र के बानी खेड़ी गांव में कन्हैया सूर्यवंशी नाम के व्यक्ति के घर हुआ। यहां पर गौरनी का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान दाल-बाटी बनाते वक्त अचानक सिलेंडर में गैस रिसाव होने से आग लग गई। समाज और नाते रिश्तेदार बड़ी संख्या में मौजूद थे। उसी समय अचानक गैस की टंकी से रिसाव शुरू हो गया। कोई कुछ समझ पाता और रिसाव रोक पाता उससे पहले ही आग फैल गयी और उसने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर बुरी तरह आग फैल गयी। लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोगों को वहां से भागने का मौका नहीं मिल पाया। आग की लपटों की चपेट में आकर 25 लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। मौके पर दलोदा पुलिस थाने का पुलिस कर्मी संदीप पहुंचा। उसने टंकी में लगी आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन इस प्रयास में वह बुरी तरह से झुलस गया।

घायलों को तुरंत दलोदा के निजी अस्पताल और गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया। हादसे में झुलसे 7 लोगों को जिला चिकित्सालय भेजा गया था। वहां से 5 को छुट्टी दे दी गई है दो गंभीर रूप से झुलसे हुए व्यक्तियों का अभी भी जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। तहसीलदार ने बताया कि हादसे में 25 लोग झुलसे थे जिसमें 7 को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया था 5 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है और 2 का इलाज अभी जारी है।