April 25, 2024

उज्जैन। 2 बदमाशों ने मंगलवार सुबह रामघाट पर नगर निगम कर्मचारी पर चाकू से हमला कर जेब में रखे 36 सौ रुपए छीन लिये। घायल कर्मचारी की शिकायत पर महाकाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
नगर निगम स्थापना शाखा में पदस्थ सरफराज पिता सादिक हुसैन 35 वर्ष दानीगेट का रहने वाला है। वह निगमकर्मी होने के साथ मौलाना मौज तैराकी दल का सदस्य भी है। सुबह वह बाइक से रामघाट पहुंचा था, उसी दौरान घाट पर घूमने वाले देवेन्द्र सरसवाल और उसका साथी सरफराज के पास पहुंचे। दोनों ने पहले बाइक मांगी सरफराज ने देने से मना कर दिया। देवेन्द्र ने बात करने के लिये मोबाइल मांगा, जिस पर सरफराज ने इंकार कर दिया। तभी देवेन्द्र ने चाकू निकाला और 2 वार कर दिये। जांघ में चाकू लगने से निगम कर्मचारी गिर पड़ा। दोनों बदमाश उसकी जेब से 36 सौ रुपये निकालकर भाग निकले। घाट पर मौजूद लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी लगने पर महाकाल पुलिस बयान दर्ज करने पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस को घटना में संदेह नजर आ रहा है। मामला आपसी लेनदेन का हो सकता है। चाकू मारने वालों के गिरफ्त में आने पर ही सही वजह सामने आ पाएगी।