आज गौरवशाली-वैभवशाली भारत का निर्माण हो रहा है-शिवराज

उज्जैन। हमारा योग, उपनिषद, गीता का ज्ञान, आयुष दुनिया में लेकर मोदी जी गये है। आज मोदीजी गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली भारत का निर्माण कर रहे है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने महाकाल लोक लोकार्पण के दौरान कहीं।
कार्तिक मेला ग्रांउड पर जनसमूह को संबोधित करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपना उद्बोधन दिया। जिसमें उन्होने कहा कि भारत में ही सभ्यता के सूर्य का उदय हुआ। हमारी संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम एवं सर्वे भवन्तु सुखिन भी है। हमारा सन्देश विश्वकल्याण का है। भारत के इसी सन्देश को स्वामी विवेकानन्द ने सारी दुनिया को दिया। एक नरेन्द्र ने जो कहा आज दूसरा नरेन्द्र उसे पूरा कर रहा है। हमारा योग, उपनिषद, गीता-ज्ञान, आयुष वे दुनिया में लेकर गये। आज नरेन्द्र मोदी गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली भारत का निर्माण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 सिंहस्थ में विचार महाकुंभ भी हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी आये थे। विचार महाकुंभ में 51 अमृत बिन्दु निकले, जिनमें से एक श्री महाकाल लोक की स्थापना का कार्य भी था। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से इस कार्य की शुरूआत की गई। वर्ष 2018 में केबिनेट ने इसे स्वीकृति दी, वर्ष 2019-20 में यह कार्य मंद हो गया, लेकिन वर्ष 2020 के बाद तेजी से हुआ। आज इसका लोकार्पण हुआ है। भगवान शिव सबका कल्याण करने वाले हैं, थोड़ी-सी पूजा से वे प्रसन्नत हो जाते हैं, जिसे दुनिया ठुकराती है, उसे अपनाते हैं। उन्होंने पूरी दुनिया को अमृत दिया और स्वयं जहर पिया। आज भौतिकता से दग्ध मानवता को शाश्वत शान्ति का अद्भूत दर्शन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत करायेगा। भारत के नवनिर्माण में हम सभी अपना सर्वश्रेष्ठ दें। मुख्यमंत्री ने सभास्थल पर उपस्थित सभी को विश्व एवं प्राणीमात्र के कल्याण का संकल्प दिलाया।