मानसून की दस्तक से पहले मौसम हुआ सुहाना

उज्जैन। मौसम में एक बार फिर मानसून की दस्तक से पहले बदलाव आया है। शनिवार को दिनभर गर्मी-उमस का माहौल बना हुआ था। तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था। शाम को अचानक हवा ने रफ्तार पकड़ी और आमसान काले बादलों से घिर गया।
इस बार मौसम में काफी बदलाव दिखाई दिया है। गर्मी के दिनों में तापमान 40 डिग्री से नीचे ही बना रहा। नौतपा भी बिना भीषण गर्मी के गुजर गया। इस बीच शनिवार को मौसम ने फिर से करवट बदली। दिनभर बादल और सूरज के बीच लुकाछुपी का खेल चलता रहा और उमस-गर्मी से लोग परेशान रहे। शाम को हवा ने रफ्तार पकड़ी। कुछ देर बाद आसमान काले बादलों से घिरा नजर आने लगा। हवा 20 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक की लग रही थी। जिसमें दुकानों के होर्डिंग-बैनर उड़ने लगे थे। कुछ देर बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। हवा में ठंडक महसूस हो रही थी। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में नमी का वातावरण बनने से मौसम में बदलाव हुआ है। जिसका असर 2 से 3 दिनों तक बना रह सकता है। तापमान में कमी भी आयेगी।