April 26, 2024

उज्जैन। गीता कालोनी में बुधवार रात क्राइम ब्रांच ने दबिश देकर 2 सटोरियों को पकड़ा था। मुख्य सटोरिए के 2 खातों में लाखों का ट्रांजेक्शन होना सामने अया है। जिसकी जांच की जा रही है। मामले में एक की तलाश जारी है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी आईपीएस विनोद कुमार मीणा ने बताया कि चलती कार में सट्टा खाईवाली की सूचना पर फ्रीगंज क्षेत्र से सुशील परमार को पकड़ा गया था। जिसने गीता कालोनी के पास खंडेलवाल नगर में रहने वाले गोपाल गेहलोत के लिये काम करना बताया। टीम ने गीता कालोनी पहुंची गोपाल और उसके साथी निलेश गेहलोत को पकड़ा। उनके पास से मोबाइल और सट्टा पर्ची जब्त की गई। पूछताछ में पता चला कि गोपाल बड़े पैमाने पर सालों से सट्टा खाईवाली कर रहा है। कारोबार का लेनदेन मोबाइल के माध्यम से आॅनलाइन किया जाता है। उसने अपना नेटवर्क काफी जगह फैला रखा है। गुरुवार को गोपाल के खातों की जांच की गई। जिसमें 50 लाख के लगभग का ट्रांजेक्शन होना पाया गया है। खातों को सीज कराया जा रहा है। गोपाल के अवैध कारोबार की मुनीमगिरी उमेश नामक युवक करता है। जो मौके पर नहीं मिल पाया था। उसकी तलाश की जा रही है। जांच में गोपाल से जुड़े कुछ और सटोरियों का सुराग मिल सकता है।