April 23, 2024

 

अन्नपूर्णा पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया, कोर्टकर्मी सहित अन्य व्यापारियों ने भी की ज्वेलर की शिकायत

इंदौर। सराफा बाजार की प्रतिष्ठित फर्म मातेश्वरी गोल्ड का संचालक चंदन सिंह करोड़ों रुपये कीमती सोना लेकर फरार हो गया। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने इन्वेस्टमेंट एजेंट की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। कोर्टकर्मी भी खजराना थाना में रिपोर्ट लिखवा चुके हैं। कई कारोबारियों ने बदनामी के डर से रिपोर्ट ही नहीं लिखवाई है।

अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक, मिश्र नगर निवासी महेंद्र अभय जैन की शिकायत पर आरोपित चंदन सिंह पुत्र जशवंत सिंह असोलिया निवासी सुखदेव नगर के खिलाफ 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। महेंद्र म्युचुअल फंड इन्वेस्टमेंट में एजेंट है। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी चंदन सिंह से पिता स्व.अभय जैन के पारिवारिक रिश्ते रहे हैं। चंदन सिंह की सराफा बाजार में मातेश्वरी गोल्ड के नाम से सोना-चांदी के आभूषणों की दुकान है। उसका चेन बनाने का कारखाना भी है। पिता अभय जैन व मां पद्मादेवी आरोपी चंदन की दुकान से ही आभूषण खरीदते थे।
महेंद्र जैन ने बताया कि वर्ष 2015 में चंदन ने व्यवसाय के लिए पिता अभय से 500 ग्राम वजनी आभूषण ले लिए थे। सितंबर 2017 में पिताजी का निधन हो गया। चंदन ने मां पद्मावती और मुझे झांसे में लिया और 100 ग्राम आभूषण और ले लिए। दिसंबर 2021 में आरोपी दुकान बंद कर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, चंदन के खिलाफ कोर्टकर्मी राजेश की शिकायत पर भी केस दर्ज हुआ है। व्यापारियों ने मौखिक पूछताछ में बताया कि चंदन करोड़ों का सोना लेकर भागा है। कई लोगों ने तो बदनामी के डर से रिपोर्ट ही नहीं लिखवाई है।

अंधेरे में बाइक वाला टक्कर मार कर भाग गया, मौत

इंदौर। धीरज नगर (खजराना) निवासी जगदीश मोहनलाल की सड़क हादसे में मौत हो गई। लसूड़िया पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, 45 वर्षीय जगदीश की ओमेक्स सिटी के पास किराना दुकान है। रात में दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। अंधेरे में बाइक चालक टक्कर मारकर भाग गया। गंभीर अवस्था में एमवाय अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन उनकी मौत हो गई।