April 19, 2024

भोपाल सेंट्रल जेल में गायत्री शक्तिपीठ 60 महिला कैदियों को दे रहा पुरोहित बनने का प्रशिक्षण

भोपाल। यहां की सेंट्रल जेल का महिला वार्ड स्थित हाॅल इन दिनों रोजाना दोपहर 1 बजे मंत्रोच्चारों से गूंज उठता है। यहां 60 महिला कैदी पुरोहित बनने का प्रशिक्षण ले रही हैं। इनमें दो मुस्लिम महिलाएं भी हैं। वे कहती हैं कि मंत्रोच्चार से सुकून मिलता है, पहले जैसा तनाव भी महसूस नहीं होता है।
इससे दूसरे धर्म को भी समझने का अवसर मिला है, यह अच्छा अनुभव है। इन महिलाओं को गायत्री शक्तिपीठ द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन महिलाओं में से कुछ अपने करीबी की हत्या, धोखाधड़ी और अन्य मामलों में आजीवन कारावास तक की सजा काट रहीं है। इस प्रशिक्षण को देने का एक मकसद यह भी है कि महिलाएं अध्यात्म से जुड़ें और अपने आगे के जीवन को बेहतर बनाएं। भोपाल सेंट्रल जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे के अनुसार महिला बंदी अपनी इच्छा से ही पुरोहित का प्रशिक्षण ले रही हैं।