गऊघाट पर शिप्रा में डूबा इंदौर का युवक

– परिवार के साथ आया था कावड़ लेकर
उज्जैन। बाबा महाकाल का जलाभिषेक करने के लिए इंदौर का परिवार कावड़ लेकर आया था। सुबह गऊघाट पर शिप्रा स्नान के लिए पहुंच गया। नहान के दौरान एक सदस्य गहराई में चला गया। डूबने की खबर पर नीलगंगा पुलिस मौके पर पहुंची। 3 घंटे की तलाश के बाद युवक को बाहर निकाला गया है। उसकी मौत हो चुकी थी।
हरियाणा का रहने वाला राहुल पिता राजकुमार शर्मा 24 वर्ष अपने मामा के यहां इंदौर विजय नगर में रहता था। आज सुबह परिवार के 12 से अधिक सदस्य कावड़ में पवित्र नदी का जल भरकर बाबा महाकाल का जलाभिषेक करने के लिए उज्जैन आए थे। पैदल गऊघाट मार्ग से गुजरते समय शिप्रा नदी दिखाई देने पर सभी पहले स्नान के लिए रुक गए। बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। जिसके चलते परिवार को गहराई का अंदेशा नहीं था। सभी घाट पर नहाने के लिए उतर गए। राहुल गहराई में चला गया उसे डूबता देख परिवार ने शोर मचाया। आसपास के लोग एकत्रित हुए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की तलाश शुरू कराई गई और करीब 3 घंटे बाद दोपहर में उसका शव शिप्रा नदी से बाहर निकाल दिया गया था।