April 26, 2024

सास बोली- बेटे का शारीरिक-मानसिक रूप से विकास नहीं हुआ, संबंध नहीं बन सकता

इंदौर। एक 30 साल की महिला ने मुंबई में रहने वाले अपने पति, सास-ससुर पर दहेज प्रताड़ना के साथ अमानत में खयानत का केस दर्ज कराया है। महिला के पति और ससुर शेयर कारोबारी हैं। आरोपियों ने एक माह पहले महिला के साथ मारपीट कर उसे इंदौर भगा दिया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। महिला ने शिकायत की है कि उसके पति ने शादी के बाद से संबंध नहीं बनाए। जब यह बात सास से कही तो उसने कहा कि मेरे बेटे का शारीरिक और मानसिक विकास नहीं हुआ है। इसलिए वह संबंध नहीं बना सकता।
टीआई ज्योति शर्मा के मुताबिक इंदौर निवासी 30 साल की महिला की शादी 10 फरवरी 2019 को मुंबई में रहने वाले प्रीतेश से हुई थी। शादी में दहेज के रूप में नगद 7 लाख रुपए का दहेज देने के साथ ही 25 लाख रुपए खर्च किए थे। जिसमें शादी के कुछ दिन बाद ही प्रीतेश उसके पिता विजय और मां इंदिरा ने 20 लाख रुपए लाने के लिये प्रताड़ित किया। 14 जून 2022 को प्रीतेश ने मारपीट कर पीड़िता को इंदौर में उसके घर भेजा। जिसके बाद से लगातार उसे दहेज में बाकी के 13 लाख रुपए लाने के लिये परेशान करते रहे।

नहीं बनाए संबध, चौपाटी पर विवाद

पीड़िता ने बताया कि शादी के कई समय तक उसके पति ने शारीरिक सुख नहीं दिया। एक बार प्रीतेश उसे चौपाटी पर लेकर गया। यहां पर पीड़िता जब अपने पति के पास पहुंची और मजाक करने लगी तो पति ने उसे दूर कर दिया और अश्लील शब्द कहे। बाद में पीड़िता अपने पति के साथ घर आई ओर संबंध बनाने की बात कही तो पति ने विवाद किया। जिसके बाद उसने सास इंदिरा से कहा कि उनके बेटे का बौद्धिक और शाारीरिक विकास नहीं हुआ है। जिसके बाद सास-ससुर दोनों गुस्सा हो गए और यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने यह बात अपने परिवार को बताई लेकिन सामाजिक बुराई के चलते वह चुप रही। लगातार प्रताड़ना के चलते पीड़िता को दहेज के लिये परेशान कर इंदौर भेज दिया।

फोटो ठीक नही आएंगे कमर में पट्‌टा मत बांधो

पीड़िता ने बताया कि इंदौर से मुंबई के लिये जाते समय 8 फरवरी 2019 को उनकी बस का एक्सीडेंट हो गया था। इस दौरान पीड़िता के कमर में चोट आई थी। इस दौरान डॉक्टरों ने उन्हें पट्‌टा बांधने के लिये कहा था। यहां शादी के दिन ससुराल के लोगों ने कमर पर पट्‌टा नही बांधने दिया। सास इंदिरा ने यह कहते हुए रोक दिया कि उसके फोटो ठीक नहीं आएंगे। इसके बाद भी सास और पति ने पट्‌टा नहीं पहनने दिया। इससे उसकी कमर में और दिक्कतें आ गई।