दूधवाले ने प्रेम जाल में उलझाया और शादी कर ली, अब भाग गया मुंबई

इंदौर। एक दूधवाले के खिलाफ उसकी पत्नी ने धोखाधड़ी और प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। महिला के अनुसार आरोपी उसके घर दूध देने आता था। इस दौरान उसने उसे प्रेम जाल में फंसा कर शादी कर ली। इसके बाद भी महिला को अपने घर नहीं ले गया। कुछ दिनों बाद वह बिना बताए मुंबई भाग गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का नाम नीतू जोशी है। उसके पति हिमांशु पुत्र दुर्गा शंकर जोशी निवासी एयरपोर्ट रोड, गंगानगर के खिलाफ शुक्रवार को शिकायत की है।
नीतू (25) ने पुलिस को बताया कि वह हिमांशु (28) को 2021 से पहचानती है। वह उसके यहां दूध देने आता था। एक बार उसने दूध का पेमेंट ऑनलाइन कर दिया। इससे हिमांशु को उसका मोबाइल नंबर मिल गया। इसके बाद हिमांशु ने नीतू के मोबाइल पर स्टेटस देखकर कमेंट करना शुरू कर दिए और दोनों में बातचीत होने लगी। हिमांशु अकसर उसकी तारीफ करता था। इसी बीच अगस्त 2021 में हिमांशु ने शादी के लिए नीतू से बात की और परिवार से बात करने के लिए कहा। नीतू और हिमांशु दोनों के परिवार शादी के लिए राजी नहीं हुए। इस पर दोनों ने 8 अगस्त 2021 को बिजासन मंदिर में शादी कर ली।

शादी के बाद नहीं ले गया घर

शादी करने के बाद भी हिमांशु अपनी पत्नी नीतू को घर नहीं ले गया। उसने बताया कि कुछ समय में परिवार से बात कर सब सेटल कर लेगा। इस बीच वह बिना बताए मुंबई चला गया। नीतू परेशान होकर हिमांशु के एयरपोर्ट रोड स्थित घर पहुंची। यहां परिवार से जानकारी लगी कि वह तो बाहर है। नीतू इसके बाद लगातार उसे कॉल करती रही लेकिन उसने जवाब नहीं दिया। दिसंबर में नीतू के पास हिमांशु ने कॉल किया और बताया कि वह काम के सिलसिले में मुंबई में है। जल्द वापस आएगा और परिवार में सब सेटल कर लेगा। वह लगातार झूठ बोलता रहा। छह माह बीतने के बाद नीतू ने बाणगंगा पुलिस को शिकायत की।