रात 11 बजे कवेलू कारखाना में युवक को मारी गोली

उज्जैन। रात 11 बजे के लगभग कवेलू कारखाना क्षेत्र में गोली चलने की खबर से सनसनी फैल गई। एक युवक को घायल हालत में जिला अस्पताल लाया गया। आईपीएस विनोद कुमार मीणा सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंच गये थे। युवक की बगल के नीचे छाती के पास गोली लगी होना सामने आया है। नीलगंगा चौराहा अणु परिसर में रहने वाले मोहित पिता श्याम दत्ता 20 वर्ष को कुछ युवक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जिन्होने बताया कि मोहित को गोली मारी गई है। घटनाक्रम देशी शराब दुकान के पास कवेलू कारखाने का है। गोली चलने की खबर मिलते ही नीलगंगा थाने के सीएसपी आईपीएस विनोद कुमार मीणा, एसआई जितेन्द्र सोलंकी और प्रधान आरक्षक विनोद ठाकुर अस्पताल पहु़ंच गये थे। डॉक्टरों ने गोली छू कर निकले की संभावना जताई है। वहीं एक्स-रे के बाद ही गोली या छर्रे लगने की जानकारी सामने आने की बात कहीं। घायल मोहित का कहना था कि उसे गोली तरुण अहिरवार ने मारी है। उसने तीन फायर किये थे, उसके साथ 2 अन्य युवक भी थे। तरुण से कुछ समय पहले 10 हजार रुपये लिये थे। 50 हजार ले चुका, उसके बाद भी पैसों की मांग कर रहा है। पूर्व में गोली मारने की धमकी दे चुका था।