सेवा धाम आश्रम में रहने वालों की बिगड़ी तबीयत: दो युवकों की मौत, 4 से 5 का उपचार, डॉक्टरों की टीम रवाना

उज्जैन। आज सुबह अस्पताल प्रशासन उस वक्त हरकत में आ गया जब सेवाधाम आश्रम से दो युवकों को लाया गया। कुछ देर बाद 4-5 और युवक गंभीर हालत में उपचार के लिए लाए गए पुलिस टॉप मामले की जानकारी कलेक्टर को दी गई। डॉक्टरों की एक टीम सेवाधाम आश्रम रवाना की गई है।
अंबोदिया स्थित सेवा धाम आश्रम में निराश्रित लोगों को रखा जाता है। जहां उनकी देखरेख की जाती है। आज सुबह उस वक्त हड़कंप मचा जब अमर और लोकेश नाम के दो युवकों को मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। कुछ देर बाद ही आशीष शर्मा, विश्वनाथ, प्रवीण दास और मनोज को भी आश्रम वासी अस्पताल लेकर पहुंचे। आशीष की गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने इंदौर रेफर किया वहीं अन्य को उपचार के लिए भर्ती किया गया। दो युवकों की मौत और चार से पांच युवकों की हालत गंभीर बनी होने पर अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया। सीएमएचओ, सिविल सर्जन, आरएमओ और डॉक्टरों की टीम मामले की जांच के लिए पहुंच गई। कलेक्टर को मामले से अवगत कराया गया। प्रशासन के साथ 5 सदस्यों की एक डॉक्टरी टीम सेवा धाम आश्रम रवाना की गई है। आश्रम में रहने वाले युवकों की तबीयत किस वजह से बिगड़ी है इसका पता नहीं चल पाया है।