उज्जैन में शिप्रा मैली नहीं….मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुबह लगाई डुबकी

उज्जैन। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के हर निशाने को नाकाम करने की कोशिश चल रही है। मोक्षदायिनी शिप्रा नदी शुद्धि‍करण का मुद्दा गरमाया हुआ है। चार दिन पहले रामघाट पर पानी की पाइप लाइन फूटने और सीवेज चैंबर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी शिप्रा नदी में मिल गया था।

इसके बाद कांग्रेस ने यह मुद्दा पकड़ लिया था। कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी महेश परमार ने नदी में डुबकी लगाकर भाजपा को घेरा था। उन्‍होंने आरोप लगाया था कि अरबों रुपया खर्च करने के बाद भी नदी के ये हाल हैं। तब भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने इसे नौटंकी करार दिया था। आज सुबह मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन आए। वे शिप्रा नदी पर पहुंचे और डुबकी लगाई।

मुख्यमंत्री ने डुबकी लगाकर यह भी जता दिया कि शिप्रा नदी पर कांग्रेस सिर्फ राजनीति कर रही है। शिप्रा का पानी फिलहाल गंदा नहीं है। इसमें श्रद्धालु आसानी से स्नान कर सकते हैं।

आज अपने क्षेत्र में मोहन यादव

सीएम कुछ देर अपने विधानसभा क्षेत्र उज्जैन दक्षिण में प्रचार प्रसार कर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। वे उज्जैन में अपने बूथ क्र. 60 पर जनसंपर्क करेंगे। यहां 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठों को आयुष्मान भारत के तहत फार्म भरवाएंगे। साथ ही नव मतदाता व लाभार्थियों से मिलेंगे।मुख्‍यमंत्री कोयला फाटक रोड स्थित महाकाल परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने दी।