इंदौर में अनूठी मैराथन, नारा लगेगा- भाजपा आई, मंहगाई लाई

कांग्रेस सेवादल ने दिया पुरुषों और महिलाओं को दौड़ का न्योता, विजेता को देंगे पेट्रोल, तेल और नींबू

इंदौर। लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में इंदौर में कांग्रेस सेवादल ने भी मैदान संभाल लिया है। इंदौर शहर कांग्रेस सेवादल ईकाई महंगाई के खिलाफ अनूठे तरीके से विरोध करने जा रहा है। इसके लिए एक मैराथन दौड़ का आयोजन होगा। खास बात यह है कि दौड़ के विजेताओं को इनाम भी बिल्कुल अलग तरह का मिलेगा। कांग्रेस सेवादल शनिवार 30 अप्रैल को महंगाई के खिलाफ इनामी मैराथन दौड़ आयोजित कर रहा है। यह मैराथन दौड़ शहर के बड़ा गणपति चौराहे से शुरू होकर राजमोहल्ला चौराहे तक होगी। इसके साथ ही कांग्रेस सेवादल ने एक स्लोगन भी दिया है भाजपा आई, महंगाई लाई। कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी इस मैराथन दौड़ की तैयारी कर रहे है। इसमें शामिल होने वाले लोगों को सर्टिफिकेट भी बांटे जाएंगे।

विजेताओं को मिलेगा पेट्रोल-तेल और नींबू

इंदौर शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव के मुताबिक भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की आर्थिक रूप से कमर तोड़कर रख दी है। पेट्रोल-डीजल, सिलेंडर के साथ खाने-पीने की वस्तुएं, आटा, तेल, मसाले, शक्कर, दाल सहित अन्य वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। बढ़ती महंगाई पर केंद्र सरकार अंकुश नहीं लगा पा रही है। इसके विरोध में कांग्रेस सेवादल इनामी महंगाई मैराथन दौड़ का आयोजन कर रही है। यह दौड़ 30 अप्रैल को सुबह 8 बजे से होगी। इसमें प्रथम पुरस्कार 10 लीटर पेट्रोल, द्वितीय पुरस्कार 5 kg सोया तेल और तृतीय पुरस्कार 1 kg नींबू रखा गया है।

मॉर्निंग वॉक करने वालों से लेकर आम जनता को न्योता

यादव ने बताया कि इस मैराथन दौड़ में कांग्रेस सेवादल के लोगों के अलावा आम जनता को न्योता दिया जा रहा है। इसके लिए मॉर्निंग वॉक करने वालों से मुलाकात कर उन्हें मैराथन दौड़ में शामिल होने के लिए कहा जा रहा है। साथ ही आम जनता से मिलकर उन्हें भी इसमें शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है। दौड़ का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार का ध्यान बढ़ती महंगाई की ओर आकर्षित करना है।