दैनिक अवन्तिका उज्जैन। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की धूम रविवार को दिनभर बनी रही। राम मंदिरों में हवन-पूजन के साथ मंगल आरती की गई, वहीं शाम को बहादूरगंज स्थित मां चंडमुंड नाशिनी मंदिर से बहादूरगंज मित्र मंडली द्वारा चल समारोह निकाला गया। जिसमें भगवान राम की वानर सेना रामसेतू का निर्माण करते और पवन पुत्र हनुमान आकाश भ्रमण करते दिखाई दिये। चामुंडा माता चौराहा से शुरू हुआ चल समारोह देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज होता फव्वारा चौक, नई सड़क से होता हुआ रामघाट तक पहुंचा। अब्दुालपुरा से कोटिलिंगेश्वर महादेव समिति ने चल समारोह (गैर) निकाला। जिसमें भगवान राम की प्रतिमा दिखाई दी। वहीं भगवान शिव और श्रीकृष्ण की झिलमिलाती झांकियों का करवां शामिल किया गया।