दैनिक अवन्तिका उज्जैन। मक्सीरोड पर निर्माणाधीन मकान में किशोरी के साथ 2 युवको द्वारा दुष्कर्म किये जाने का मामला रविवार रात सामने आया। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर रात में ही दोनों युवको को राउंडअप कर लिया। युवको ने 13 घंटे में 2 बार किशोरी के साथ गलत काम किया था।
पंवासा थाना क्षेत्र कर रहने वाली 16 साल की किशोरी का परिचय क्षेत्र में रहने वाले युवक कान्हा से था। शनिवार रात कान्हा ने उसे मिलने बुलाया। किशोरी क्षेत्र के निर्माणाधीन मकान तक पहुंची, जहां कान्हा ने उसके साथ गलत काम किया। किशोरी विरोध करती रही, कान्हा ने अपने दोस्त अमन को बुला लिया। दोस्त ने भी किशोरी को अपना शिकार बनाया और धमकी दी। डरी सहमी किशोरी घर लौटी। इस बीच रविवार दोपहर दोनों युवको ने किशोरी को बदनाम करने की धमकी दी और फिर से निर्माणाधीन मकान पर बुला लिया। दोनों ने फिर से उसका शोषण किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी दहशत में आ गई, घर लौटने पर उसने अपने साथ हुई घटना परिजनों को बताई। रात 9 बजे परिजन उसे पंवासा थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने बयान दर्ज कर दोनों युवको की तलाश में टीम रवाना की। देर रात दोनों को राउंडअप कर लिया गया था।
बहन-जीजा के साथ रहती है किशोरी
बताया जा रहा है कि किशोरी के माता-पिता नहीं है। वह काफी समय से अपनी बहन और जीजा के साथ रह रही है। उसका एक छोटा भाई है। क्षेत्र में रहने वाले कान्हा को करीब 2 साल से पहचानती है। कान्हा ने पहचान होने का फायदा उठाकर उसे मिलने बुलाया और अपने दोस्त के साथ मिलकर शारिरीक शोषण कर जान से मारने की धमकी दी।
इनका कहना
रात में किशोरी परिजनों के साथ थाने पहुंची थी। उसकी शिकायत पर दुष्कर्म और पास्को एक्ट का प्रकरण दर्ज कर दोनों युवको को राउंडअप कर लिया गया है। सोमवार दोपहर को कोर्ट में पेश किया जायेगा।
अपहरण का मामला दुष्कर्म में बदला
पंवासा थाना क्षेत्र की रहने वाली 17 साल की बालिका 29 मार्च को लापता हो गई थी। परिजनों ने उसके नहीं मिलने पर पुलिस को शिकायत की। मामला नाबालिग से जुडा होने पर अपहरण का केस दर्ज किया गया। 7 दिन बाद रविवार को बालिका नरवर क्षेत्र से मिल गई। उसने बताया कि 6-7 माह पहले गोलू उर्फ ऋषभ से शादी समारोह के दौरान पहचान हुई थी। उसने बहला-फुसलाकर मिलने बुलाया और नरवर ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। एएसआई एमएस अलावा ने बताया कि बालिका की मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर उसे दस्तायब किया गया। बयान दर्ज कर गोलू उर्फ ऋषभ के खिलाफ अपहरण की धारा के साथ दुष्कर्म की धारा का इजाफा किया गया है। गोलू फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।