27.5 डिग्री गर्म हुई रात, 42 डिग्री पहुंचा था तापमान

उज्जैन। दिन में आग उगल रहे सूर्य के बाद अब गुजरी रात भी सीजन की सबसे अधिक गर्म रात में शामिल हो गई। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। आज सुबह सूर्य पर बादल भारी नजर आ रहे थे।
गर्मी अब रिकॉर्ड तोड़ने पर आमदा नजर आ रही है। जहां दिन में सूर्य आग उगल रहा है वही बुधवार-गुरुवार की रात ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी थी। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री पहुंच गया था। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्द हुआ था। मौसम विभाग पहले ही अंदेशा जता चुका है कि इस बार गर्मी अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी जिसकी शुरुआत हो चुकी है। जीवाजीराव वेधशाला अधीकक राजेंद्र कुमार गुप्ता के अनुसार दिन में जहां 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चल रही है वही रात में 4 से 6 किलोमीटर की हवा का एहसास हो रहा है। राजस्थान की ओर जा रही गर्म हवा से दिन में लू लगने की आशंका बढ़ती जा रही है। मई माह में गर्मी झुलसा देने वाली और रिकॉर्ड तोड़ हो सकती है।
9 बजे बाद निकला सूर्य
सुबह 6 बजे उदय होने वाले सूर्य का आज सुबह 9 बजे तक कुछ पता नहीं था। आसमान में बादल छाए हुए थे और 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। सुबह सूर्य नहीं निकलने से लोग राहत महसूस कर रहे थे। 9 बजे बाद भी बादल और सूर्य के बीच लुका छुपी का खेल जारी था। आग उगल रहे सूर्यदेव पर सुबह के समय बादल भारी पड़ते नजर आए। मौसम विभाग का कहना था कि बादलों के हटते ही गर्मी का प्रकोप और बढ़ जाएगा।