स्वीडन में प्रदर्शन के दौरान कुरान जलाने की कोशिश, ओरेब्रो शहर में भड़का दंगा

ब्रह्मास्त्र स्टॉकहोम। स्वीडन के ओरेब्रो शहर में एक धुर दक्षिणपंथी समूह के कथित तौर पर कुरान को जलाने के इरादे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए, जिसमें 9 पुलिस अधिकारी घायल हो गए। ओरब्रो पुलिस ने भी एक बयान में कहा कि प्रदर्शनकारियों के हमले में उसके 9 अधिकारी घायल हुए हैं। पुलिस प्रवक्ता डायना कुदैब के हवाले से बताया कि हिंसक प्रदर्शनकारियों ने पुलिसवालों पर पत्थरबाजी की, जिसमें उन्हें काफी चोटें आईं। एक आम नागरिक भी सिर में पत्थर लगने से चोटिल हो गया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, लगभग 200 लोग इस प्रदर्शन में शामिल थे, पुलिस ने जिसे शाम तक तितर-बितर करने सफलता पाई। यह दूसरा दिन था जब डेनिश मूल के स्वीडिश रासमस पलुदान के नेतृत्व में अप्रवासी और इस्लामी विरोधी स्ट्राम कुर्स (हार्ड लाइन) आंदोलन की रैली में संघर्ष हुआ। स्वीडन के पूर्वी तट पर लिंकोपिंग शहर में गुरुवार को दंगा भड़कने के बाद 3 पुलिस अधिकारियों को अस्पताल ले जाना पड़ा था। यहां एक प्रदर्शन के दौरान कुरान जलाने की योजना थी। इस विरोध प्रदर्शन में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।