12 किमी प्रति घंटे की रफतार से चली ठंडी हवा,तापमान में गिरावट उत्तर में जारी बर्फबारी रूकी तो हमारे यहां ठंडी हवाओं ने घेरा -ठंडी हवाओं का अंतिम दौर जारी,9 से फिर बढेगा तापमान,होली –रंगपंचमी तक यही रहेगे हाल

दैनिक अवंतिका उज्जैन।  फरवरी अंत एवं मार्च की शुरुआत में गर्मी ने दस्तक दे दी लेकिन यह अस्थाई है। होली-रंगपंचमी तक पश्चिम विक्षोभ के कारण अभी ठंडी हवाओं का अंतिम दौर चलेगा। हाल ही में उत्तर में जमकर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी रूकने के बाद वहां से ठंडी हवाओं ने जोर पकडा है। इसी के चलते बुधवार सुबह 12 किलोमीटर एवं शाम को 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चली हैं।तापमान में इससे 2 डिग्री के लगभग गिरावट आई है।

फरवरी अंत एवं मार्च के प्राथमिक दिनों में गर्मी का अहसास होने लगा था। आमजन ने भी अपने उनी वस्त्रों को खूंटी पर टांग दिया था। मंगलवार शाम को एक बार फिर से ठंडी हवाओं ने जोर पकडा और आमजन को कपकपी के लिए कमजोर कर दिया । एक दिन पूर्व की अपेक्षा बुधवार को न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट रात के तापमान में दर्ज की गई है। यही नहीं दिन के अधिकतम तापमान में भी इतनी ही गिरावट सामने आई है।

तगडी बर्फबारी के बाद चली ठंडी हवाएं-

शासकीय जीवाजी वेधशाला अधीक्षक डा.आरपी गुप्त बताते हैं कि मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण जारी बर्फबारी मंगलवार से देश के पहाडी क्षेत्रों में थम गई है। बर्फबारी थमने के बाद वहां से तेज गति से चली ठंडी हवाओं ने हमारे क्षेत्र को भी अपने आगोश में लिया है। इसके चलते अगले तीन चार दिन तक यह स्थिति बनी रहेगी। 9 मार्च से फिर से दुसरा डिस्टर्बेंस आने की पूरी उम्मीद है जिसके चलते एक बार फिर टेंप्रेचर बढने लगेगा।

12 एवं 10 किलोमीटर की गति से चली हवा-

मंगलवार शाम से ही मौसम में एक बार फिर से ठंडक घूल गई थी। रात में ठंड का असर भी तेज देखा गया । हवा के कारण ठंड चुभने जैसी रही। बुधवार सुबह 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं को वेधशाला के रेकार्ड में दर्ज किया गया है। इसी प्रकार से शाम को 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा दर्ज की गई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान एक दिन पूर्व की अपेक्षा 2 डिग्री गिरावट के साथ 13 डिग्री सेंटीग्रेड एवं अधिकतम भी 2 डिग्री गिरावट के साथ 28.5 डिग्री दर्ज किया गया।

Author: Dainik Awantika