April 26, 2024

उज्जैन। कुलदेवता का पूजन कर लौट रहा परिवार सोमवार-मंगलवार रात सड़क हादसे का शिकार हो गया। परिवार की कार सामने से आई कार से टकरा गई थी। हादसे में घायल वृद्धा की उपचार के दौरान मौत हो गई। 4 का चार चल रहा है। भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि पाश्र्वनाथ सिटी में रहने वाला कटारिया परिवार अपने कुलदेवता भैरवजी का पूजन करने के लिए चौमेला गया हुआ था। देर रात कार से लौट रहा परिवार उन्हेल रोड पर ग्राम गोयला के समीप सामने से तेज रफ्तार में आई कार से टकराने के बाद हादसे का शिकार हो गया था। कार कटारिया परिवार का पुत्र अमित चला रहा था। साथ में मां रोशन बाई पति विजय कटारिया 70 वर्ष, बहन परिधि, रिश्तेदार प्रियंका और मनोरमा कार में सवार थे। दुर्घटना में सभी घायल हुए थे। जिन्हें उपचार के लिए इंदौररोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया था। जहां रोशनबाई और पुत्र अमित की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने भर्ती किया। बहन परिधि और अन्य रिश्तेदारों को भी उपचार के लिए अस्पताल में रखा गया। इस बीच मंगलवार अलसुबह वृद्धा रोशन बाई की उपचार के दौरान मौत हो गई।