उज्जैन में लहसुन की रखवाली कर रहे किसान की हत्या

उज्जैन जिले में लहसुन फसल की रखवाली कर रहे किसान की हत्या कर दी गई। किसान का शव मंगलवार सुबह खेत में खाट पर मिला। वारदात बड़नगर के भाटपचलाना के बालोदा लक्खा गांव की है।

किसान किशन सिंह चावड़ा (50) घर से दूर खेत पर सोते थे। सुबह वे घर नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने खेत पर जाकर देखा। वे खाट पर पड़े थे।
पुलिस के अनुसार हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है। आसपास के खेत के किसानों से भी पूछताछ की जा रही है।
सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि किसान के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि किसी जान-पहचान वाले का हाथ हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि खेत से लहसुन चोरी नहीं गया है। किशन सिंह चावड़ा भारतीय किसान संघ बड़नगर के कार्यकारिणी सदस्य थे। उनके दो बेटे हैं। घटना के समय दोनों घर पर थे। दोनों बेटे भी किसान हैं। इस बार लहसुन के ऊंचे भाव ने किसानों को खुश तो कर दिया, लेकिन चिंता भी बढ़ा दी। चिंता- खेत में लहसुन को चोर-बदमाशों की नजर से बचाने की और इसीलिए प्रदेश में किसान अपने खेतों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रख रहे हैं। उज्जैन में तो एक किसान बंदूक के साथ खेत की रखवाली कर रहा है।