उज्जैन। माकड़ोन में अवैध शराब पकड़ने गई आबकारी विभाग टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने अपने घर की छत से टीम पर पत्थर बरसाए, जिनसे बचने के लिए आबाकारी आरक्षकों को भागना पड़ा। वहीं सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर नकदी भी लूट ली।मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में जगदीश चौहान (43) और उसका बेटा कुलदीप चौहान (19) निवासी सालनाखेड़ी शामिल हैं। शुक्रवार को पुलिस दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
गश्त के दौरान मिली थी टिप-पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर को तराना आबकारी वृत्त की उप निरीक्षक रानी सिंह टीम के साथ गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि सालनाखेड़ी निवासी जगदीश चौहान अवैध शराब का कारोबार करता है और घर के सामने भट्ठी की कच्ची शराब लेकर कहीं जाने की तैयारी में खड़ा है।
सूचना पर आबकारी टीम जगदीश के घर पहुंची। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद झोले से कच्ची शराब के पाउच मिले। टीम जब शराब जब्त कर रही थी, तभी जगदीश ने अपने परिजन और अन्य साथियों को आवाज देकर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने आबकारी कर्मचारियों पर हमला कर मारपीट की और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।