नीमच। जिले के मनासा वन परिक्षेत्र की पाली बीट के कक्ष क्रमांक 304 में 24 नवंबर 2026 को एक वन्यजीव तेंदुए की मृत्यु का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलने पर एनटीसीए, नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, मध्यप्रदेश भोपाल से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप वन विभाग की टीम ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित किया तथा डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सघन जांच की।प्रारंभिक दृष्टया तेंदुए की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हुई। वन्यजीव विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. जीवननाथ एवं डॉ. भूपेश पाटीदार द्वारा तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया। जांच के दौरान तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तेंदुए के शव के अंतिम संस्कार एवं शवदाह की कार्रवाई वनमंडलाधिकारी नीमच श्री एस.के. अटोडे, उपवनमंडलाधिकारी मनासा श्री कुलदीपसिंह ठाकुर, तहसीलदार मनासा श्री अजेंद्र प्रजापति, वन परिक्षेत्र अधिकारी मनासा श्री धर्मेंद्र मेइड़ा, वन परिक्षेत्र अधिकारी रामपुरा श्री भानुप्रतापसिंह सोलंकी, ग्राम पंचायत पंच श्री हेमराज रायक एवं वन विभाग के स्टाफ की उपस्थिति में संपन्न की गई।घटना से संबंधित समस्त कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई है। प्रकरण में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की मौजूदगी में तेंदुए का वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार