इंदौर। एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में बुधवार रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से चार से पांच चार्टर्ड बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।हादसे के वक्त डिपो परिसर में आई-बस और चार्टर्ड की कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। आग फैलने की आशंका से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ अन्य बसों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया।
हवा के कारण तेजी से फैली आग-शुरुआती जानकारी के मुताबिक डिपो परिसर के पास पड़े कचरे में अचानक आग लगी थी। हवा के कारण लपटें तेजी से फैलीं और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चार से पांच बसें इसकी चपेट में आ गईं।
फायर ब्रिगेड ने दो घंटे में पाया काबू-आसमान में धुएं का घना गुबार उठता देख डिपो कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे पानी की बौछार की और आग को दूसरी बसों तक फैलने से रोका। आग पर काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है।