कैमरे बंद होने से नहीं मिला चेन झपटने वाले बदमाश का सुराग

उज्जैन। विद्यापति नगर में स्वास्थ्य विभाग की नर्सिंग अधिकारी की ढाई तोला वजनी चेन झपटने वाले बदमाशों का 6 दिन बाद भी सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस कैमरे खंगाल रही है, लेकिन इंदौररोड पर अधिकांश कैमरे बंद है। बदमाशों की बाइक का नम्बर भी ट्रेस नहीं हो पाया है।
शिवाजी पार्क में रहने वाली नर्सिंग अधिकारी शोभा चौहान के साथ 10 नवम्बर को विद्यापति नगर में बाइक से आये 2 बदमाशों ने चेन झपटने की वारदात को अंजाम दिया था। ढाई तोला वजनी चेन बदमाशों के झपटने पर माधवनगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखना शुरू किये थे। इस दौरान वारदात स्थल के पास दो पहिया वाहन शोरूम पर बदमाशों के फुटेज मिले थे, लेकिन बाइक का नम्बर सामने नहीं आया था।  बदमाशों के चेहरे भी स्पष्ट नहीं हुये थे। पुलिस ने इंदौररोड पर लगे कैमरों के फुटेज देखे, दोनो बदमाश महामृत्युंज्य द्वार तक दिखाई दिये लेकिन उनकी बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस ने आगे के कैमरों को देखना शुरू किया लेकिन  अधिकांश कैमरे बंद होने से बदमाशों का रूट ट्रेस नहीं हो पाया। पुलिस को आशंका है कि बदमाश इंदौर-देवास के हो सकते है। पूर्व में भी हुई चेन स्नेचिंग की वारदात में इंदौर-देवास के बदमाश होना सामने आये थे। पुलिस पुरानी वारदातों शामिल बदमाशों का रिकार्ड भी खंगाल रही है और उनकी वर्तमान लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।
शोरूम की चोरी के बदमाशों भी गिरफ्त से दूर
आगररोड सांघी टाटा शोरूम में 1 नवम्बर को तिजोरी तोड़कर हुई 12 लाख की चोरी में चिमनगंज थाना पुलिस को भी बदमाशों का सुराग नहीं मिल पाया है। बदमाश गिरफ्त से दूर बने हुये है। शोरूम चोरी की जांच में वहां लगे कैमरे में 3 नकाबपोश बदमाशों की मौजूदगी दिखाई थी, चोरी के बाद पैदल आगररोड आरडी गार्डी की ओर जाते दिखाई दिये थे। उसके आगे का रूट पुलिस को नहीं मिल पाया है। आशंका है कि बदमाश कहीं दूर अपना वाहन खड़ा करके आये थे और पैदल भागने के बाद वाहन से फरार हुये है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment