उज्जैन। बड़नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सारोला में खेत की मेढ़ खोदने की बात पर परिवार के 2 पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। मामला पुलिस के पास पहुंचने पर दोनों पक्ष आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। पुलिस ने एक पक्ष से चेतन पिता उदयसिंह पंवार की शिकायत पर मंगलसिंह, मोहनसिंह और अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। वहीं मंगल पिता मदनसिंह की शिकायत पर चेतन, उदयसिंह, सोहन और रूपसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पारिवारिक विवाद के एक मामला बड़नगर के ग्राम जाफला से सामने आया। पुलिस ने राधेश्याम पिता छीतरसिंह और उसके भतीजे रवि पिता घनश्यामसिंह की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है। रवि का आरोप था कि रास्ते की बात को लेकर बड़े पापा के परिवार ने मारपीट की है। वहीं राधेश्याम की ओर से उसकी पत्नी राधाबाई और पुत्री मनसा घायल हुई है। जिनका आरोप था कि गेहूं रखने की बात पर रवि ने विवाद किया था।
मेढ़ खोदने की बात पर परिवार 2 पक्षों में हुआ विवाद