इंदौर। शहर की राजनीति में वार्ड स्तर पर भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव का एक नया मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 66 की भाजपा पार्षद कंचन गिदवानी और कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष बंधन शुक्ला के बीच पैलेस कॉलोनी में हुए विवाद ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामला उस समय शुरू हुआ, जब जनसंपर्क और नवनियुक्त वार्ड संयोजक व वार्ड पालक के स्वागत के लिए निकली पार्षद की गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया और वाहन मंदिर के बाहर रुक गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है।
*गाड़ी रुकी, काफिला आगे निकला और फिर हुई कहासुनी- भाजपा पार्षद कंचन गिदवानी ने कहा कि वार्ड में जनसंपर्क के लिए निकली थीं। इस दौरान पैलेस कॉलोनी में नवनियुक्त वार्ड संयोजक और वार्ड पालक का स्वागत करने के लिए रैली के रूप में जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं का काफिला आगे निकल गया। इसी बीच पार्षद की गाड़ी का पेट्रोल खत्म होने के कारण वाहन कॉलोनी के मंदिर के बाहर रुक गया। पार्षद के अनुसार, उस समय उनके साथ एक महिला कार्यकर्ता भी मौजूद थीं।कंचन गिदवानी का आरोप है कि इसी दौरान कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष बंधन शुक्ला वहां पहुंचे और उंगली दिखाकर उनसे अभद्र तरीके से बातचीत करने लगे। पार्षद का कहना है कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए गए, लेकिन बातचीत का तरीका आपत्तिजनक था। इसी घटनाक्रम के बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया।
*मंदिर पर जाली लगाने के काम से शुरू हुई बात?-पार्षद के मुताबिक, क्षेत्र में मंदिर पर जाली लगाने के काम को लेकर भी चर्चा हो रही थी। इसी दौरान बंधन शुक्ला ने क्षेत्र के अन्य कामों का उल्लेख करते हुए अधूरे कार्यों की ओर इशारा किया। पार्षद ने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंची हैं, ताकि शिकायत दर्ज कराई जा सके।वहीं, मौके पर मौजूद कुछ महिलाओं ने कैमरे पर आने या खबर में अपना नाम शामिल करने से इनकार किया। हालांकि, उनके बयान और घटनाक्रम के स्वतंत्र सत्यापन के बिना विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
*अभय वर्मा बोले—मामले की निष्पक्ष जांच हो*-इस मामले में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय वर्मा भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में होने के कारण नहीं, बल्कि राजनीतिक विरोध के चलते उनके कार्यकर्ता को परेशान किया जा रहा है। वर्मा के अनुसार, उनका कार्यकर्ता क्षेत्र के कामों की जानकारी देने गया था, लेकिन अब उसके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की जा रही है।
*अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर*-
एक ओर भाजपा पार्षद कंचन गिदवानी ने अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिकायत की बात कही है, वहीं अभय वर्मा ने अपने कार्यकर्ता के पक्ष में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पैलेस कॉलोनी में हुए घटनाक्रम में किस पक्ष की क्या भूमिका रही और शिकायतों में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।