उज्जैन। शहर में सड़क चौड़ीकरण के बाद यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए नगर निगम ने मंगलवार को महाकाल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की उपस्थिति में निगम की रिमूवल गैंग ने महाकाल चौराहा, चौबीस खंभा, हरसिद्धि की पाल, गुदरी चौराहा और गोपाल मंदिर क्षेत्र में नालियों के ऊपर बनाए गए ओटले, चढ़ाव, अवैध निर्माण और गुमटियों को जेसीबी की मदद से हटाया।नालियों और फुटपाथ पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों द्वारा नालियों के ऊपर ओटले और चढ़ाव बनाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों और अतिक्रमण गैंग को निर्देश दिए कि चौड़ीकरण वाले मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए। कहीं भी दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
आयुक्त ने कहा कि चौड़ीकरण वाले मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
रेस्टोरेंट पर 20 हजार रुपए का जुर्माना
निगम आयुक्त के निर्देश पर गुदरी चौराहा स्थित एक रेस्टोरेंट के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चौड़ीकरण वाले मार्गों का नियमित निरीक्षण किया जाए। नाली, फुटपाथ या सड़क के हिस्से पर अतिक्रमण मिलने पर उसे तत्काल हटाने के साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाए।
निगम के अधिकारी और रिमूवल गैंग रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त संतोष टैगोर, अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय, सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया, उपयंत्री राजेंद्र रावत, सहित नगर निगम की रिमूवल गैंग मौजूद रही।