*सरकार की जनविरोधी नीतियों और बिजली कटौती के विरोध मे कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

आलीराजपुर। जिले में अल्पवर्षा से किसानों की फसलें प्रभावित होने और ग्रामीण अंचलों में बेतहाशा बिजली कटौती के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल एवं ओमप्रकाश राठौर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिनेमा चौराहे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद ढोल-ढमाकों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने सहित बिजली समस्या के निराकरण की मांग को लेकर कलेक्टर नीतू माथुर को ज्ञापन सौंपा।
*प्रभारी मंत्री और कैबिनेट मंत्री के बीच आपसी गुटबाजी के चलते विकास कार्य प्रभावित-प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए महेश पटेल ने कहा कि इस वर्ष पर्याप्त बारिश नहीं होने से आलीराजपुर जिले में खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ा है। अल्पवर्षा के चलते खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं और किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। ऐसी स्थिति में सरकार को जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित कर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करनी चाहिए। श्री पटेल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिले की प्रभारी मंत्री और कैबिनेट मंत्री के बीच आपसी गुटबाजी के चलते विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में अधिकारी मस्त हैं और जनता त्रस्त है। मंत्रियों की कथित गुटबाजी का फायदा अधिकारी उठा रहे हैं, जबकि आमजन अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। श्री पटेल ने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्कूली बच्चों को तेज धूप में कार्यक्रमों में बुलाए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि बच्चों की सुविधा और स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाना चाहिए। पटेल ने चेतावनी देते हुवे कहा की आगामी दिनों में जिले को सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया गया और बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के समापन पर जिलेभर में प्रधानमंत्री का पुतला दहन, चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment