उज्जैन। लाखों के कर्ज में डूबे ग्रामीण ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिवार हालत बिगड़ने पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों के बयान दर्ज आगे की कार्रवाई की जायेगी।
माधवनगर थाना पुलिस को निजी अस्पताल से सूचना मिली थी जहरीला पदार्थ खाने से भर्ती शंकरलाल पिता फतेसिंह चौहान 68 साल निवासी ग्राम मुंडला सौंधिया थाना झारड़ा की उपचार के दौरान मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव पोस्टमार्टम के लिये चरक अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने बताया कि खेत पर जाने के बाद शंकरलाल ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिवार खेत पर पहुंचा तो हालत बिगड़ी देखी। पूछने पर जहर खाना बताया। उन्हे उज्जैन लाया गया था। शंकरलाल खेती करते थे। उन पर 5 से 6 लाख का कर्ज हो चुका था। उधार देने वाले दबाव बना रहे थे। पुलिस के अनुसार मामला झारड़ा थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आगे की विवेचना संबंधित थाना पुलिस द्वारा परिजनों के बयान दर्ज कर शुरू की जायेगी।
इधर परिवार बोला दिमागी संतुलन था खराब
ग्राम बांसखेड़ी में रहने वाले विक्रम पिता अम्बाराम ने भी रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। जिसकी उपचार के दौरान रात में मौत हो गई। सोमवार को भैरवगढ़ थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, इस दौरान परिजनों ने बताया कि मजदूरी करता था और कुछ दिनों से दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। पुलिस ने जांच के बाद ही जहरीला पदार्थ खाने का कारण सामने आने की बात कहीं है।
युवक की नहीं बच पाई जान
ग्राम ढाबला हर्दू में रहने वाले मनीष पिता मुकेश गिरी 18 साल को भी परिवार के लोग रविवार को जहर खाने से बिगड़ी हालत के बाद उपचार के लिये निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन मनीष की जान नहीं बच पाई। मनीष कक्षा 12 वीं का छात्र था। उसने जहर क्यों खाया था, इसका कारण सामने नहीं आया है।
कर्ज में डूबे ग्रामीण ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या