खरगोन। शहर की आनंद नगर कपास मंडी में भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा कपास खरीदी शुरू करने की मांग को लेकर मंगलवार को किसानों ने प्रभावी प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद आनन-फानन में सीसीआई अधिकारियों सहित मंडी सचिव ने मौके पर पहुंचकर 15 अक्टूबर से खरीदी शुरु करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना खत्म हुआ। हालांकि प्रदर्शन के दौरान मंडी में नीलामी प्रक्रिया जारी रही। प्रदर्शन के दौरान एक किसान की घबराहट के बाद मौत का मामला भी सामने आया है।महासंघ के कैलाश पाटीदार, कमलेश पाटीदार आदि किसानों का कहना था कि सीसीआई द्वारा खरीदी शुरू न होने से उन्हें अपनी कपास उपज को निजी व्यापारियों को कम दामों पर बेचने को विवश होना पड़ रहा है। बाजार में मनमाने दाम लगाए जा रहे हैं, जिससे किसानों को अपनी लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। किसानों का कहना है कि सीसीआई खरीदी से कुछ हद तक राहत मिलती है। वर्तमान में जहां 6 हजार से 9 हजार के बीच खरीदी हो रही है, वहीं सीसीआई खरीदी होने से 8667 रुपए न्यूनतम दाम मिलने की उम्मीद रहेगी। मंडी में चल रहे प्रदर्शन के दौरान उपज बेचने आए लेपा निवासी एक किसान की घबराहट होने के बाद मौत का मामला भी सामने आया है। मंडी सचिव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि धरने के दौरान नीलामी प्रक्रिया जारी थी। किसान महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शन की सूचना पहले ही दिन थी, मंडी प्रबंधन ने खरीदी बंद रखना था।
सीसीआई खरीदी की मांगको लेकर किसानों ने मंडी गेट पर जड़ा ताला, तीन घंटे चला प्रदर्शन