देवास।केपी कॉलेज और साइंस कॉलेज में शुरू किए गए नए कोर्स के विद्यार्थियों की पहले वर्ष की परीक्षा अब तक आयोजित नहीं हुई है। इसी के विरोध में सोमवार को NSUI ने केपी कॉलेज परिसर के बाहर अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर भैंसा बांधकर पुंगी बजाई और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।NSUI जिला अध्यक्ष श्रीकांत चौहान ने बताया कि इन दोनों कोर्सों की शुरुआत बड़े-बड़े दावों के साथ की गई थी। विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य और कोर्स पूरा होने पर प्लेसमेंट का भरोसा दिलाया गया था। हालांकि, अब तक पहले वर्ष की परीक्षा भी नहीं हो पाई है, जिससे विद्यार्थियों का पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है।चौहान ने कहा कि यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय प्रशासन को उसकी लापरवाही से जगाने के लिए किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।गेट पर बांधकर पुंगी बजाई प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से कॉलेज गेट पर भैंसा बांधकर पुंगी बजाई। उनका उद्देश्य विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति हो रही लापरवाही को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित करना था।विद्यार्थी दिलीप सिंह रायपुरिया ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवेश के समय तीन वर्ष में प्लेसमेंट सहित बेहतर करियर का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने बताया कि पहले वर्ष की परीक्षा नहीं होने से छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय से जल्द परीक्षा आयोजित कर शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की मांग की।
परीक्षा नहीं हुई तो कॉलेज गेट पर बांधा भैंसा छात्र परेशान NSUI ने पुंगी बजाकर किया विरोध