भोपाल/दिल्ली।मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन मंगलवार को खारिज कर दिया गया। बीजेपी की आपत्ति पर रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा ने ये फैसला लिया। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अब तीनों सीटों पर भाजपा कैंडिडेट निर्विरोध हैं।भाजपा का आरोप था कि मीनाक्षी ने तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाई है। रिटर्निंग ऑफिसर ने कारण बताओ नोटिस जारी कर शाम साढ़े 5 बजे तक जवाब मांगा था। कांग्रेस प्रत्याशी के जवाब से संतुष्ट न होने पर नामांकन खारिज कर दिया गया।इधर, कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपों को निराधार बताया। कहा- मीनाक्षी के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण नहीं है। उन्हें कोर्ट से केवल एक नोटिस मिला था। नामांकन रद्द होने के फैसले के खिलाफ हम अदालत जाएंगे।
वहीं, दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल भारत निर्वाचन आयोग के पास पहुंचा। प्रदर्शन कर मुलाकात का समय मांगा। आयोग ने बुधवार दोपहर 12 बजे का समय दिया। भोपाल में भी कांग्रेस नेता चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे। यहां धरना भी दिया।